July 21, 2026

उत्तराखंड में विकराल हुई जंगल की आग, सेना ने संभाला मोर्चा; सीएम आज हल्द्वानी में करेंगे समीक्षा बैठक

उत्तराखंड के जंगलों में आग की घटनाएं थम नहीं रही हैं। प्रदेश में सभी पर्वतीय जिलों के जंगल आग की चपेट में हैं। नैनीताल में भवाली रोड पर पाइंस के पास सड़क किनारे भड़की भीषण आग को बुझाने के लिए सेना ने मोर्चा संभाला है। पाइंस के ऊपर की पहाड़ी लडि़याकांटा में एयरफोर्स स्टेशन है। ऐसे में आग पहाड़ी तक न पहुंचे और यदि बेकाबू हुई तो इस पर नियंत्रण के लिए वायु सेना का हेलीकाप्टर भी पहुंच गया है। जो जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार शनिवार सुबह से जंगलों की आग बुझाएगा।

सीएम आज हल्द्वानी में करेंगे समीक्षा बैठक
हेलीकॉप्टर में पानी भरने के लिए जिला प्रशासन की ओर से नैनीताल के साथ ही नौकुचियाताल व भीमताल झील की अनुमति प्रदान की गई है। वहीं, शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। वह यहां वानिकी प्रशिक्षण अकादमी (एफटीआइ) में जंगलों की आग व पेयजल संकट को लेकर समीक्षा बैठक लेंगे।

झील में नौकायन भी बंद करवा दिया गया
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि वायु सेना के इलाहाबाद कमांड के अधिकारियों से उनकी वार्ता हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी व उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे से संपर्क किया। जिलाधिकारी वंदना ने पालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल आनंद को हेलीकाप्टर को झीलों से पानी की अनुमति से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। मल्लीताल बोट स्टैंड से पानी भरने की सूचना पर झील में नौकायन भी बंद करवा दिया गया। यद्यपि हेलीकाप्टर यहां झील के ऊपर मंडराने के बाद भीमताल की ओर चला गया। भीमताल व नौकुचियाताल झील के ऊपर भी हेलीकाप्टर ने ट्रायल किया।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.