June 22, 2026

बदरी-केदार की यात्रा आए सुपरस्टार रजनीकांत, लेकिन उससे पहले पहुंचे ऋषिकेश के एक आश्रम में

1 min read

बालीवुड तथा दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत इन दोनों देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक यात्रा पर पहुंचे हैं। गुरुवार को वे ऋषिकेश से बदरीनाथ तथा केदारनाथ धाम के दर्शनों के लिए रवाना हुए। सुपरस्टार रजनीकांत बुधवार देर शाम जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट से ऋषिकेश पहुंचे थे। उन्होंने अपने आध्यात्मिक गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा शीशमझाड़ी में स्थापित दयानंद आश्रम में रात्रि विश्राम किया। यहां उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती की समाधि पर मत्था टेका। उन्होंने संध्याकालीन गंगा आरती में भी शिरकत की।

गुरु की समाधि पर शीश नवाया
गुरुवार की सुबह वह गंगा दर्शन, गंगेश्वर महादेव में पूजन तथा गुरु की समाधि पर शीश नवाने के बाद यात्रा पर रवाना हुए। इस दौरान उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक आश्रम में पहुंचे। उन्होंने प्रशंसकों का अभिवादन किया, उनके साथ फोटो भी खिंचवाए। जिसके बाद वह कार से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए हैं। स्वामी दयानंद आश्रम के प्रबंधक गुणानंद रयाल ने बताया कि दोनों धामों के दर्शन के बाद रजनीकांत कुमाऊं के द्वाराहाट भी जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश के शीशमझाड़ी स्थित स्वामी दयानंद आश्रम से सिने अभिनेता रजनीकांत का गहरा रिश्ता है। वह समय-समय पर यहां आकर समय बिताते हैं।

 

 

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.