June 15, 2026

हरित खेल की थीम पर होंगे उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा देवभूमि

1 min read

हिमालयी राज्य उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों को हरित खेल की थीम पर आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा। इसके लिए खेलों के दौरान सोलर ऊर्जा का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाएगा। विजेताओं को दिए जाने वाले पदक ई-वेस्ट से बनाए जाएंगे और इसमें प्लास्टिक के प्रयोग से दूरी बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 28 जनवरी से 14 फरवरी तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल देवभूमि की पहचान खेल भूमि के रूप में भी स्थापित करेंगे। खेलों की शुरुआत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया जा रहा है। सोमवार को रायपुर स्थित राष्ट्रीय खेल सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस आयोजन को भव्य व दिव्य बनाने के लिए प्रयासरत है। साथ ही आयोजन स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इन खेलों में देश के विभिन्न राज्यों से 10 हजार खिलाड़ियों के आने की संभावना है। इनको रहने व खाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की कि वह अतिथि देवो भव: की भावना को दर्शाते हुए इन खिलाड़ियों का स्वागत करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश द्वारा सुझाए गए प्रदर्शनी खेलों को भी पदक खेलों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इस भावना से इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन को भी अवगत कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के लिए प्रस्तावित आयोजन स्थलों में सभी सड़कें दुरुस्त करने के साथ ही अन्य सुविधाएं भी विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इस दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या व विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा भी उपस्थित थे। 15 को होगा लोगो व शुभंकर का अनावरण मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के लोगो, एंथम, शुभंकर, टार्च व जर्सी का अनावरण 15 दिसंबर को किया जाएगा।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.