May 15, 2026

वक्फ संशोधन कानून के पहलुओं से मुस्लिम समाज को अवगत कराएगी BJP, जागरूकता के लिए चलाएगी अभियान

भाजपा ने वक्फ संशोधन कानून से होने वाले लाभ के दृष्टिगत इसके सभी पहलुओं से मुस्लिम समाज को अवगत कराने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में ”गरीबों का हक सिर्फ गरीबों को मिलेगा” के संदेश के साथ राज्यभर में 20 अप्रैल से वक्फ संशोधन जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम की उपस्थिति में हुई कार्यशाला में यह जानकारी दी गई। साथ ही अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री धामी ने वक्फ संशोधन कानून के विभिन्न पहलुओं पर रोशनी डाली और कहा कि यह देश और समाज हित में है। उन्होंने इस कानून में संशोधन का विरोध करने वाले विपक्ष की मंशा पर भी प्रश्न खड़े करते हुए कहा कि लाखों करोड़ की वक्फ संपत्ति के बावजूद क्यों इसके माध्यम से गरीबों की मदद नहीं की गई। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस कानून में सुधार की विस्तृत जानकारी आमजन तक पहुंचाएं, ताकि विपक्ष की भ्रमित व भय पैदा करने की राजनीति पर लगाम लग सके। भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि जनसंघ की स्थापना के समय से ही हम सशक्त भारत निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। जो भी देश की एकता और देशवासियों के कल्याण के लिए जरूरी लगा, उसे समय आने पर लागू करके दिखाया है। वक्फ संशोधन कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह कोई नया कार्य नहीं है। हमने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों द्वारा वर्ष 1995 व 2013 में की गई गलतियों को सुधारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण के नाम पर राष्ट्र विरोधी कार्यों को किसी कीमत पर तरजीह नहीं दी जाएगी। गरीबों के कल्याण के लिए वक्फ की संपत्तियों का सही इस्तेमाल होना चाहिए। इस कानून से सभी अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और इसमें गरीब मुस्लिम महिलाओं, विशेषकर तलाकशुदा व विधवा महिलाओं, अनाथ बच्चों के लिए पीएम आवास, गरीबों के लिए अस्पताल, शिक्षण संस्थान, सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कार्यशाला के द्वितीय सत्र में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने 20 अप्रैल से पखवाड़ेभर चलने वाले अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय कार्यशाला की तर्ज पर 20 से 22 अप्रैल तक सभी जिलों में और इसके बाद मंडल स्तर पर कार्यशाला होंगी। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने वक्फ कानून में संशोधन के सभी प्रमुख बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रभारी मुकेश कोली, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार व शैलेंद्र बिष्ट, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष इंतजार हुसैन, विधायक खजानदास समेत अन्य नेताओं ने विचार रखे।

मुस्लिम महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का किया स्वागत
वक्फ संशोधन जनजागरण कार्यशाला के दौरान मुस्लिम महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री धामी का स्वागत किया। साथ ही वक्फ कानून में सुधार के लिए मुख्यमंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि गरीब मुस्लिम वर्ग और महिलाओं के कल्याण के लिए यह संशोधन मील का पत्थर साबित होगा। सरकार यह सुनिश्चत कराएगी कि अवैध कब्जे हटाकर वक्फ के असल जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जाए।

 

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.