June 18, 2026

समान नागरिक संहिता व भू-कानून को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, बैठक में लिया गया फैसला

1 min read

भाजपा समान नागरिक संहिता व भू-कानून के प्रविधान की सही जानकारी अब जन-जन तक पहुंचाएगी। इन दोनों कानूनों को लेकर उठाए जा रहे सवालों से बन रही भ्रम की स्थिति से जनता को जागरूक करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं को संगठन पर्व की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सभी को जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर राज्य सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों को जनता तक पहुंचाना है।

राजनीतिक फायदे ले रही थी कांग्रेस: भाजपा
प्रदेश सरकार ने सशक्त भू-कानून लाकर जनभावना व अपेक्षाओं को पूरा किया है। कांग्रेस इसमें लगने वाले समय का लाभ अपने राजनीतिक फायदे के लिए ले रही थी। उनके नेता इस मुद्दे पर भम्र, झूठ और अफवाह फैला रहे हैं। इसे लेकर अब जनता के बीच जागरूकता फैलाना जरूरी हो गया है। प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने बैठक में पार्टी के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की समीक्षा करने के साथ ही आगामी गतिविधियों को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने अटल शताब्दी वर्ष को लेकर सुशासन दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रमों को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने महिला मोर्चा के पदाधिकारियों व महिला विधायक व पदाधिकारियों को महिला दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया। बैठक में राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक दिलीप रावत, प्रमोद नैनवाल, डा मोहन सिंह बिष्ट, पार्वती दास, सविता कपूर, सरिता आर्या, दुर्गेश्वर लाल, रामसिंह कैड़ा, सुरेश चौहान, उमेश शर्मा काउ, आशा नौटियाल व सहदेव पुंडीर के साथ ही अन्य पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

भाजपा ने जिलाध्यक्षों के नाम का पैनल केंद्र को भेजा
भाजपा संगठन ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिलाध्यक्षों के नामों का पैनल राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के माध्यम से केंद्र को भेज दिया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार शीघ्र ही उनकी सहमति के बाद प्रदेश चुनाव अधिकारी द्वारा नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तरकाशी दौरे को शीतकालीन चारधाम यात्रा को विश्वव्यापी पहचान दिलाने वाला बताया। पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन पर्व की प्रक्रिया में पार्टी जिलाध्यक्ष चयन के अंतिम चरण में पहुंच गई है। उनके साथ प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने सभी 19 सांगठनिक जिलों में भेजे पर्यवेक्षक से उनकी रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद सामने आए सभी नामों को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री से भी विमर्श किया गया।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.