June 20, 2026

उत्तराखंड में दिलचस्प होगा उपचुनाव, भाजपा की इस चाल से बढे़गी सपा-बसपा की मुश्किलें!

1 min read

विधानसभा की मंगलौर सीट ऐसी है, जिस पर भाजपा राज्य गठन के बाद से अब तक खाता खोलने में कामयाब नहीं हो पाई है। मजबूत प्रत्याशी के अभाव और इस सीट के सामाजिक ताने-बाने के सामने उसे मुंह की खानी पड़ी है। यद्यपि, हाल में लोकसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता से उत्साहित भाजपा अब मंगलौर सीट के उपचुनाव के लिए नई व्यूह रचना करने जा रही है। उपचुनाव के प्रचार अभियान में वह प्रत्येक मतदाता से संपर्क करेगी ही, केंद्र एवं राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी। साथ ही डबल इंजन के महत्व को रेखांकित करेगी।

बसपा विधायक के निधन से खाली हुई सीट
विधानसभा की मंगलौर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन के कारण यह सीट रिक्त हुई है। अब इसके उपचुनाव को भाजपा ने चुनौती के रूप में लिया है। यद्यपि, पिछले चुनावों को देखें तो 45 प्रतिशत मुस्लिम, 55 प्रतिशत हिंदू और हिंदुओं में भी लगभग 18 प्रतिशत अनुसूचित जाति के मतदाताओं वाली इस सीट के समीकरणों को साधने में भाजपा सफल नहीं हो पाई। कारण यह कि कांग्रेस व बसपा इस सीट का अक्सर प्रतिनिधित्व करते आए हैं। इस सीट का गणित भाजपा के रणनीतिकारों के लिए पहेली रहा है।

भाजपा ने 132 बूथों पर की तैयारी
हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में राज्य की पांचों सीटें लगातार तीसरी बार जीत कर इतिहास रचने से भाजपा बढ़े मनोबल के साथ मंगलौर सीट के उपचुनाव के मैदान में है। पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए इस उपचुनाव में वह नई व्यूह रचना करने जा रही है। इसके लिए पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र के सभी 132 बूथों के लिए तैयारी की है। पार्टी के प्रांतीय से लेकर मंडल व बूथ स्तर तक पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है।

मुस्लिम नेताओं को साधेगी भाजपा
मुस्लिम मतदाताओं को साधने के लिए पार्टी यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को प्रचार के मोर्चे पर उतारेगी। यही नहीं, जाट मतदाताओं में पैंठ बनाने को वह केंद्र में भाजपानीत राजग गठबंधन के सहयोगी दल रालोद के नेता एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को प्रचार अभियान में लाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत अन्य नेता भी मोर्चा संभालेंगे। लोकसभा चुनाव की भांति विधानसभा की मंगलौर सीट के उपचुनाव में भी जनता डबल इंजन के कार्यों पर मुहर लगाएगी। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में हम प्रत्येक मतदाता से संपर्क साधेंगे और केंद्र एवं राज्य सरकारों की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएंगे। इस सबके बूते भाजपा इस बार मंगलौर में इतिहास रचेगी।- आदित्य कोठारी, प्रदेश महामंत्री भाजपा।

 

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.