June 20, 2026

भाजपा युवा मोर्चा की रैली में सीएम ने थामी बाइक, कहा- तिरंगा देश भक्ति एवं देश के प्रति समर्पण का प्रतीक

1 min read

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा की ओर से आयोजित तिरंगा बाइक रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाइक को संभालते हुए युवाओं का अभिवादन स्वीकार किया। बाइक रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बलिदानी महाराणा प्रताप स्मारक स्थल पर आकर संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की शान तिरंगा देश भक्ति एवं देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगा यात्रा को देश की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प लेने का भी अभियान बताया। मुख्यमंत्री ने सभी से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में भी सहयोगी बनने की अपील की।

बड़ी संख्या में बाइक लेकर जुटे युवा
मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा की ओर से तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। दोपहर बाद से ही बड़ी संख्या में युवा बाइकों को लेकर नेहरू स्टेडियम में जुटना शुरू हो गए। यहां पर नगर विधायक प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सदस्य डॉ. कल्पना सैनी, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौरव कौशिक, जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता मयंक गुप्ता, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शाम पांच बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नेहरू स्टेडियम में पहुंचे। यहां पर पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए कहा, लेकिन मुख्यमंत्री सीधे मंच से उतरकर बाइक पर सवार हो गए। नेहरू स्टेडियम में उन्होंने युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौरव कौशिक को पीछे बैठाकर रैली का शुभारंभ किया। बाद में वह पीछे बैठ गए। तिरंगा बाइक रैली शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए सिविल लाइंस में पहुंची और यहां पर संपन्न हो गई। इस मौके पर पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, प्रवीण सिंधु, पूर्व दायित्वधारी अक्षय प्रताप सिंह, दीपक पांडे, सुशील त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, धीर सिंह रोड, संजीव तोमर आदि मौजूद रहे।

जब फंस गई सीएम के काफिले की गाड़ियां
रुड़की के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काफिला पहुंचने के साथ ही तिरंगा बाइक रैली को शुरू कर दिया गया। इस दौरान बाइक सवार आगे निकल गए। इसके चलते पुलिस अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री के काफिले की कई गाड़ी बाइकों के बीच में फंस गई। इसके चलते पुलिस अधिकारियों के भी हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में किसी तरह से गाड़ियों को यहां से निकाला गया।

मुख्यमंत्री के ऊपर की पुष्प वर्षा
बाजार में मुख्यमंत्री को बाइक पर निकलता देख लोग जहां-तहां खड़े हो गए। कुछ जगह तो लोगों ने तिरंगा बाइक रैली एवं मुख्यमंत्री के ऊपर पुष्प वर्षा की। इस दौरान पुलिस को भी भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।

सेल्फी लेने की मची होड़
जिस समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बाइक पर सवार हुए। यहां पर सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गई। ऐसे में पुलिस को युवाओं को व्यवस्थित करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.