May 14, 2026

दिल्ली: मामूली विवाद ने ली जान, पुलिसकर्मी की गोली से डिलीवरी बॉय की मौत, एक अन्य घायल

1 min read

बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और विवाद बढ़ने पर उसने अपनी सर्विस पिस्टल से गोली चला दी.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में मामूली कहासुनी के बाद दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल ने फायरिंग कर दी. इस घटना में एक डिलीवरी बॉय की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना ने पुलिस की कार्यशैली व कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

फूड डिलीवरी ब्वॉय की गोली लगने से मौत

वारदात द्वारका जिले के जाफरपुर कलां इलाके में हुई. मृतक की पहचान फूड डिलीवरी करने वाले 21 वर्षीय पांडव कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पांडव अपने एक दोस्त के साथ सड़क किनारे खड़ा था, तभी पास में चल रही एक बर्थडे पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. इसी दौरान दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल नीरज वहां पहुंचा. आरोप है कि वह नशे की हालत में था और विवाद बढ़ने पर उसने अपनी सर्विस पिस्टल से गोली चला दी. गोली पांडव कुमार के सीने में लगी और आर-पार हो गई. गोली के पार जाने से पीछे खड़े पांडव कुमार के साथी कृष्ण भी घायल हो गए.

मृतक के दोस्त को भी लगी गोली

घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने पांडव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष्ण का इलाज जारी है. उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना के बाद से आरोपी पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गया. हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात था. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. आगे की जांच जारी है.

प्रारंभिक जांच में ये भी सामने आया है कि विवाद बेहद मामूली बात से शुरू हुआ था. ये भी सामने आया है कि शोर-शराबे को लेकर कहासुनी हुई थी. इसके अतिरिक्त मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान अपमानजनक टिप्पणियां भी की गईं, जिससे स्थिति और बिगड़ गई.

डीसीपी द्वारका अंकित कुमार सिंह का कहना है कि मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जाफरपुर कलां थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर पंजीकृत की गई थी. रविवार रात मामले में आरोपी पुलिसकर्मी नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया. वह स्पेशल सेल में तैनात था. उसे सस्पेंड कर दिया गया है. आगे की कार्रवाई जारी है.

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है. वे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.