May 14, 2026

दिल्ली में उत्तर-पूर्व की युवतियों से मारपीट मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, जानें पीड़िता ने क्या कहा ?

1 min read

साउथ ईस्ट के डीसीपी ने बताया कि एक-एक कर सभी को आरोपियों को दबोच लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में उत्तर-पूर्व की दो युवतियों से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक-एक कर चार आरोपियों को दबोच लिया है. पुलिस का दावा है कि इन्हीं लोगों ने दोनों युवतियों से छेड़छाड़ और मारपीट के बाद नस्लीय टिप्पणी की थीं. जिन दो युवतियों से छेड़छाड़ की बात की जा रही थी, उनमें से एक असम की रहने वाली है. रविवार को वह मणिपुर की रहने वाली अपनी दोस्त से मिलने नेहरू प्लेस आई थी. इस बीच आरोपियों ने उस पर अश्लील टिप्पणी करना शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज और छेड़छाड़ करने लगे. इसके बाद उन्होंने मारपीट भी की.

उत्तर-पूर्व की युवतियों से मारपीट का मामला

इस पूरे मामले में साउथ ईस्ट के डीसीपी डॉक्टर हेमंत तिवारी ने बताया कि कालकाजी थाना को नेहरू प्लेस में मारपीट और छेड़छाड़ की घटना कि जानकारी मिली है. घटना 10 मई कि सुबह लगभग 7 बजे कि है. कालकाजी पुलिस स्टेशन में एक महिला के संकट में होने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से प्राप्त हुई थी. स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वहां दो पीड़िता को पाया गया. प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ितों को अपमानजनक टिप्पणियों और गालियों का सामना करना पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ितों और आरोपियों के बीच हाथापाई हुई है. दोनों पीड़ितों को एम्स अस्पताल ले जाया गया और उनकी चिकित्सा जांच की गई. कालकाजी पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

चार आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई और घटना के समय मौजूद कई गवाहों/राहगीरों की पहचान की गई है. कई जगहों पर छापेमारी की गई और 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और अंततः चार मुख्य आरोपियों की पहचान की गई. इन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें उनसे जुड़े स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं. अब पुलिस ने इस घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिनकी पहचान मोहम्मद फहद, मोहम्मद सबेज, मोहम्मद आरिफ, और अमन उर्फ मोहम्मद फहीम उर्फ काला के रूप में हुई है जो दिल्ली के अलग-अलग इलाके के रहने वाले हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अब मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

किसी ने हमारी मदद नहीं की..

वहीं, पीड़िता ने बताया है कि बीते रविवार शाम को हम लोग नेहरू प्लेस में अपनी एक दोस्त के साथ चाय पी रही थी. तभी वहां कुछ बैठे युवकों ने गंदे कमेंट्स किया फिर बदशलूकी की. जब फोन से वीडियो बनाने लगी, तब उन लोगों ने गालियां दी कपड़े तक फाड़े. लेकिन किसी ने हमारी मदद नहीं की. सब लोग देख रहे थे और हंस रहे थे. हमें पुलिस के द्वारा थोड़ा हेल्प मिला नहीं तो हम लोग बिल्कुल हेल्पलेस थे. जिन लोगों ने हमारे साथ छेड़खानी की वह सभी ऑटो ड्राइवर और कैब ड्राइवर थे. हम लोग नॉर्थ ईस्ट के रहने वाले हैं. हम लोगों के साथ लैंग्वेज बैरियर होता है, जिसकी वजह से हम लोगों को भेदभाव का सामना करना पड़ता है. इसी वजह से हम लोगों के साथ यह दुर्व्यवहार होता है जो बिल्कुल गलत है.

 

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.