June 16, 2026

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रचार को धार देंगी प्रियंका गांधी, 13 अप्रैल को है चुनावी कार्यक्रम; तैयारी तेज

1 min read

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी 13 अप्रैल को गढ़वाल संसदीय क्षेत्र में रामनगर और हरिद्वार संसदीय क्षेत्र में रुड़की में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। प्रियंका की जनसभाएं तय होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी इसकी तैयारी में जुट गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सभी में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। उत्तराखंड में लोकसभा के चुनावी समर में बतौर स्टार प्रचारक सबसे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा मोर्चा संभालेंगी। इससे कांग्रेस को बड़ी राहत मिली है। सत्ताधारी दल भाजपा अपने स्टार प्रचारकों को उतार चुकी है, वहीं कांग्रेस को इस मामले में लंबे समय तक असमंजस से जूझना पड़ा है।

कांग्रेस के चुनावी प्रचार को देंगी धार
भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गत दो अप्रैल को रुद्रपुर में चुनावी सभा कर चुके हैं। 11 अप्रैल को वह ऋषिकेश आएंगे। अब प्रियंका गांधी वाड्रा की चुनावी सभाओं के माध्यम से पार्टी प्रदेश में चुनावी माहौल गरमाएगी। प्रियंका की रामनगर में सभा के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों को साधने की कांग्रेस की रणनीति है।

13 अप्रैल को उत्तराखंड आएंगी प्रियंका
रामनगर गढ़वाल के साथ ही अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर क्षेत्र से भी सटा हुआ है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि प्रियंका गांधी 13 अप्रैल को नई दिल्ली से प्रस्थान करेंगी। हवाई सेवा के माध्यम से सुबह 11.50 बजे रामनगर में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी गणेश गोदियाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत के समर्थन में अपराह्न तीन बजे रुड़की के डीएवी मैदान में चुनावी सभा में भाग लेंगी। इसके बाद वह दिल्ली वापस लौटेंगी।

तेजी से हो रही है जनसभाओं की तैयारी
मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि प्रियंका गांधी की जनसभाओं की तैयारी प्रदेश संगठन ने प्रारंभ कर दी है। इन सभाओं में दोनों लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने संबंधित जिला और ब्लाक इकाइयों को भी अधिक संख्या में व्यक्तियों को सभाओं में लाने की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए हैं।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.