June 22, 2026

उत्‍तराखंड में सात दिन का राष्ट्रीय शोक, आधा झुका रहेगा तिरंगा

पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश में सात दिन यानी एक जनवरी, 2025 तक राष्ट्रीय शोक रहेगा। इस अवधि में राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। राष्ट्रीय शोक दिवसों में कोई भी शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में सामान्य प्रशासन सचिव विनोद कुमार सुमन ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। शासनादेश में अपर मुख्य सचिव समेत सभी प्रमुख सचिवों, विशेष प्रमुख सचिव, सचिवों, पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्तों, समस्त विभागाध्यक्षों एवं जिलाधिकारियों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पूर्व पीएम डा.मनमोहन सिंह के निधन पर विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि
विकासनगर : पूर्व प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह के निधन पर विभिन्न संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार को आयोजित की गई श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि मनमोहन सिंह देश में आर्थिक सुधारों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। पछवादून विकास मंच द्वारा मंच कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में संयोजक अतुल शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में देशहित में किए गए आर्थिक सुधारों के लिए डा. मनमोहन सिंह के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। वह जिस पद पर रहे, उस पद की गरिमा भली प्रकार समझी और उसके दायित्व का पालक करने में एक आदर्श स्थापित किया। इस अवसर पर मंच के वरिष्ठ सदस्य मुकेश शर्मा, आमोद शर्मा, अमन बिजल्वाण, मोहन खत्री, भूपेंद्र सिंह, वीर सिंह राणा, कैप्टन जग्गी, बृजेश कुमार, राकेश कश्यप, सुनीता देवी, मनजीत कौर, लीला राणा आदि मौजूद रहे। वहीं शहर कांग्रेस कमेटी विकासनगर ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। कितेश जायसवाल ने कहा कि मनमोहन सिंह एक बड़े अर्थशास्त्री थे। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में देश को ऊंचाइयों की ओर बढ़ाया।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.