June 17, 2026

पीएम सूर्यघर योजना: उत्तराखंड में 40 हजार घरों पर लगेगा सोलर रूफटॉप, मिले 62 हजार से ज्‍यादा आवेदन

पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत उत्तराखंड को तीन वर्षों में 40 हजार आवासीय भवनों की छत पर सौर संयंत्र की स्थापना का लक्ष्य मिला है। योजना के प्रति उत्साह का अंदाजा इससे लग सकता है कि अब तक इस याेजना का लाभ लेने के 62,144 आवेदन ऊर्जा विभाग को प्राप्त हो चुके हैं। इसमें से 29,621 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। इनमें से 24,948 व्यक्तियों को केंद्र सरकार से सब्सिडी मिल चुकी है। 40 मेगावाट से अधिक क्षमता के संयंत्रों की स्थापना की जा चुकी है। सौर ऊर्जा को हरित ऊर्जा के रूप में पर्यावरण के अनुकूल माना जाता है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने का अभियान छेड़े हुए हैं। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के साथ ही पीएम सूर्यघर योजना भी संचालित हो रही है। पीएम सूर्यघर योजना में नागरिकों को उनके आवासीय भवनों की छत पर सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना को लेकर प्रदेश में अभी तक बड़ा उत्साह देखने को मिला है। यद्यपि, यह उत्साह पर्वतीय जिलों की तुलना में मैदानी जिलों में अधिक देखने को मिल रहा है। सीएम सौर स्वरोजगार योजना में पर्वतीय जिलों की भागीदारी अपेक्षाकृत अधिक है।
सब्सिडी के बढ़ते भार के कारण प्रदेश सरकार पीएम सूर्यघर योजना में एक अप्रैल, 2024 से सब्सिडी बंद कर चुकी है। तीन किलोवाट तक सोलर संयंत्र लगाने पर 85,800 रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार देती है। राज्य सरकार ने 51 हजार रुपये सब्सिडी दे रही थी। केंद्र सरकार की ओर से 24 हजार से अधिक आवेदकों को सब्सिडी मिल चुकी है।
केंद्र से 138 करोड़ की सब्सिडी लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस योजना में राज्य सरकार 10,579 व्यक्तियों को 53.8 करोड़ की सब्सिडी दे चुकी है।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.