May 14, 2026

उत्तराखंड कांग्रेस में नहीं कम हो रही खटास: ‘हरदा’ की फल पार्टी से नदारद रहे नेता; जानें कौन-कौन नहीं पहुंचा

देहरादून में आयोजति फल पार्टी की मिठास भी कांग्रेस में चल रही आपसी खटास मिटा नहीं पाई है। हरदा की फल पार्टी से दूरियां कम नहीं हुई। खुला निमंत्रण दिया था। हरीश रावत के अवकाश पर जाने से नेताओं के बीच बयानबाजी से कांग्रेस में घमासान मचा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम हरीश रावत की फल पार्टी में खरबूज व तरबूज की मिठास भी कांग्रेस में चल रही आपसी खटास मिटा नहीं पाई है। पार्टी में हरदा के समर्थक व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे लेकिन बड़े नेताओं की दूरियां कम नहीं हुई। हालांकि फल पार्टी के लिए हरदा की ओर से खुला निमंत्रण दिया गया था।

हरीश रावत के अवकाश पर जाने से नेताओं के बीच बयानबाजी से कांग्रेस में घमासान मचा। अवकाश के दौरान हरीश रावत ने पार्टी कार्यक्रमों से पूरी तरह से दूरी बनाई है। उनका 15 दिन का अवकाश 10 अप्रैल को पूरा हो गया है। लेकिन अभी तक हरदा के अवकाश पर संशय बरकरार है।

उन्होंने न तो अवकाश समाप्त कर काम पर लौटने का एलान किया और न ही पार्टी के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को हरदा ने अपने आवास पर मौसमी फलों की पार्टी रखी थी। इस पार्टी के लिए उन्होंने सभी को खुला निमंत्रण दिया था।

‘फलों की मिठास और पहाड़ी व्यंजनों के खूब चटकारे लिए’
फल पार्टी में उनके समर्थकों व कार्यकर्ताओं ने फलों की मिठास और पहाड़ी व्यंजनों के खूब चटकारे लिए। लेकिन इस पार्टी में न तो प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता आए और न ही पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक नजर आए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत टिहरी में पार्टी की रैली में मौजूद रहे।

फल पार्टी के लिए सभी को खुला निमंत्रण दिया गया था। समय कम होने से व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण नहीं दे पाया। टिहरी में पार्टी के कार्यक्रम में सभी नेता वहां गए थे। लेकिन कार्यकर्ता बड़ी संख्या में आए। 59 साल के राजनीतिक जीवन में पहली बार अवकाश लिया और उसे चर्चा का विषय बनाया गया। अवकाश के प्रभाव पर एक बार फिर मंथन कर आगे का निर्णय लेंगे। – हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री

अपनों को निमंत्रण नहीं दिया जाता
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा जब भी किसी घर में कार्यक्रम होता है तो अपनों को निमंत्रण नहीं दिया जाता है। टिहरी में कांग्रेस की रैली थी, जिसमें सभी पार्टी नेता वहां गए थे। रैली नहीं होती तो जरूर फल पार्टी में हम भी जाते। – यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष

अवकाश से चर्चा में रहे पूर्व सीएम हरीश रावत ने अपने आवास पर की पार्टी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सीएम हरीश रावत ने पुराने अंदाज में तरबूज, खरबूज, ककड़ी, लाल चावल, भट्ट की चुटकानी पार्टी से सियासी स्वाद चखाया। अवकाश से चर्चा में रहे हरदा ने शुक्रवार को अपने आवास पर पार्टी का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक व पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे।

हरीश रावत ने कहा, मौसमी फलों के साथ अपने उत्तराखंड के उत्पादों के प्रचार की मुहिम को आगे बढ़ाया है। कांग्रेस सरकार के समय नदियों के किनारे जलमग्न जमीन को खेती के लिए कश्यप समाज को दिया गया। वहां लोग तरबूज, खरबूज व ककड़ी की खेती करते हैं।

उनके उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए पार्टी का आयोजन किया गया। मौसमी फलों के साथ बुरांश व नींबू का जूस, जौनसार की टमाटर की चटनी, भट्ट की चुटकानी, लाल भात, हरिद्वार के गुड़ को परोसा गया।

यह मेरा एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम है, मैं जब मुख्यमंत्री था तब भी राज्य के उत्पाद व संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए मैंने उत्तराखंड के उत्पादों को बढ़ावा देने का काम किया। अब भी मैं अपने एजेंडे अडिग हूं।

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.