May 14, 2026

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में खामिया मिलने पर पीसीबी का बड़ा एक्शन, होटल सीज, बिजली कनेक्शन भी काटा

नैनीताल में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एसटीपी के मानकों के उल्लंघन पर एक होटल को सीज किया. साथ ही विद्युत कनेक्शन भी काट दिया.

नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल के समीपवर्ती खुर्पाताल क्षेत्र स्थित एक होटल के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया. होटल के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के मानकों के अनुरूप कार्य न करने पर विभाग ने होटल का विद्युत कनेक्शन भी काट दिया है. साथ ही व्यवसायिक उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. कार्रवाई के दौरान होटल प्रबंधन और प्रशासनिक टीम के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली.

जानकारी के अनुसार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा पूर्व में होटल के एसटीपी की जांच की गई थी. जांच के दौरान प्लांट से लिए गए सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे थे. इसके बाद विभाग की ओर से होटल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. होटल प्रबंधन ने जवाब में एसटीपी को दुरुस्त कराने और आवश्यक सुधार करने का आश्वासन दिया था.

बताया जा रहा है कि सुधार कार्यों के दावों के बावजूद विभाग ने दोबारा सैंपलिंग कराई, जिसमें फिर से मानकों का उल्लंघन सामने आया. इसके बाद पीसीबी ने सख्त रुख अपनाते हुए होटल के खिलाफ सीलिंग और विद्युत आपूर्ति बाधित करने की कार्रवाई अमल में लाई.

कार्रवाई के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम, प्रशासनिक अधिकारियों और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर होटल का बिजली कनेक्शन काट दिया. साथ ही होटल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया गया. इस दौरान होटल प्रबंधन ने कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे एकतरफा बताया.

होटल डायरेक्टर सचिन गुप्ता ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि, होटल का व्यवसायिक संचालन भले बंद रखा जाए, लेकिन परिसर में रह रहे कर्मचारियों और अन्य लोगों को देखते हुए बिजली आपूर्ति बहाल की जाए. हालांकि पीसीबी और तहसील प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए उनकी मांग स्वीकार नहीं की.

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि, पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि कोई संस्थान सीवेज शोधन प्रणाली को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद पर्यटन कारोबार से जुड़े अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन और पीसीबी अब क्षेत्र में संचालित अन्य संस्थानों के एसटीपी और पर्यावरणीय व्यवस्थाओं की भी निगरानी तेज करने की तैयारी में है.

Don't Miss

Copyright©2023,Purvanchal Mail, All rights reserved.( Design & Develop by Motion trail Creation, 9084358715) | Newsphere by AF themes.